- कोचिंग सेंटर के उद्घाटन में जा रहे थे मिश्रा
- कोचिंग सेंटर का उद्घाटन करने जा रहे थे
- बाहर निकलकर कार्यक्रम में भी हुए शामिल
13 अक्टूबर, मंगलवार
मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा ग्वालियर के जयेन्द्रगंज क्षेत्र में उस समय लिफ्ट में फंस गए, जब वे एक कोचिंग सेंटर के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कॉम्प्लेक्स की लिफ्ट तकनीकी खराबी के कारण मंजिलों के बीच अचानक बंद हो गई। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।
नरोत्तम मिश्रा लिफ्ट से ऊपर जा रहे थे, तभी वह बीच मंजिल में रुक गई। स्थिति की सूचना मिलते ही तकनीकी विशेषज्ञों को आनन-फानन में बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोला गया और नरोत्तम मिश्रा को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इस घटना में नरोत्तम मिश्रा को कोई चोट नहीं आई। लिफ्ट से सुरक्षित बाहर निकलने के बाद उन्होंने अपना निर्धारित कार्यक्रम जारी रखा और कोचिंग सेंटर के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए।
कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व गृह मंत्री के लिफ्ट में फंसने की घटना से कुछ देर के लिए वहां मौजूद लोगों की चिंता बढ़ गई थी। हालांकि, तकनीकी टीम की मदद से उन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया।











