बोले, यहां के कण कण में दिव्य अनुभूति है, जो यहीं आकर अनुभव होती है
उज्जैन, 13 अक्टूबर
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज और चर्चित क्रिकेट कमेंटेटर आकाश चोपड़ा मंगलवार सुबह पत्नी आक्षी माथुर के साथ विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के दर्शन करने पहुंचे। दोनों ने प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद उन्होंने कहा यहां के कण कण में दिव्य अनुभूति है जो यहां आकर ही अनुभव की जा सकती है।
भस्म आरती के दौरान आकाश चोपड़ा और उनकी पत्नी ने भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना की। देशभर में प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। क्रिकेट जगत की हस्तियां भी बाबा महाकाल के दरबार में हाजिरी लगाती रही हैं। सोमवार को क्रिकेटर तिलक वर्मा और कुलदीप यादव भी पहुंचे थे।
19 सितंबर 1977 को आगरा में जन्मे आकाश चोपड़ा भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2003 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। वर्ष 2003-04 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उन्होंने वीरेंद्र सहवाग के साथ भारतीय पारी की शुरुआत की थी। भारतीय टीम की ओर से 10 टेस्ट मैच खेले और 437 रन बनाए। घरेलू क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उन्होंने 10 हजार से अधिक रन बनाए और 29 शतक लगाए। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद आकाश ने कमेंट्री, लेखन और खेल विश्लेषण के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई। वह हिंदी में क्रिकेट मैचों की समीक्षा, खिलाड़ियों के प्रदर्शन और भारतीय टीम की रणनीति पर विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं। उनके यूट्यूब चैनल पर भी क्रिकेट से जुड़ी चर्चाएं और विश्लेषण प्रस्तुत किए जाते हैं। आकाश चोपड़ा की पत्नी आक्षी माथुर भी उनके जीवन का अहम हिस्सा हैं। दोनों का विवाह 2 दिसंबर 2009 को हुआ था। उज्जैन में पत्नी के साथ बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचने पर उनकी धार्मिक यात्रा चर्चा में रही।
पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने पत्नी आक्षी के साथ की महाकाल भस्मारती











