नशीले कफ सीरप का मामला: 20 हजार का इनामी अभिषेक देहरादून से गिरफ्तार

  • 74 हजार बोतल कोडीनयुक्त कफ सीरप बरामद होने के बाद से था फरार, अब तक 25 आरोपित गिरफ्तार

मध्यप्रदेश में नशीले कफ सीरप की अवैध सप्लाई के मामले में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी आरोपित अभिषेक निगम को एसटीएफ की विशेष टीम ने उत्तराखंड के देहरादून से गिरफ्तार किया है। रीवा निवासी आरोपित को सात अक्टूबर को पकड़ा गया। इसके बाद ट्रांजिट वारंट पर भोपाल लाकर पुलिस हिरासत में लिया गया है। एसटीएफ उससे अवैध कफ सीरप की सप्लाई और पूरे नेटवर्क से जुड़े पहलुओं पर पूछताछ कर रही है।
एसटीएफ ने 30 मई 2026 को भोपाल के गांधीनगर क्षेत्र स्थित पटेल सिटी में नशीले कफ सीरप बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश किया था। कार्रवाई के दौरान 74 हजार बोतल कोडीनयुक्त कफ सीरप बरामद किए गए थे। ये सीरप ‘आनरेक्स’ और ‘आफकफ’ नाम से तैयार किए जा रहे थे।
जांच में सामने आया था कि अभिषेक निगम कथित तौर पर राहुल कुशवाह और सागर निवासी सीटी जैन के साथ मिलकर कोडीनयुक्त कफ सीरप की अवैध सप्लाई करता था।
एसटीएफ की रीवा में कार्रवाई के बाद अभिषेक निगम फरार हो गया था। उसकी तलाश के लिए पुलिस ने प्रयास जारी रखे। गिरफ्तारी पर एसटीएफ के उप पुलिस महानिरीक्षक राहुल कुमार लोढ़ा ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आखिरकार विशेष टीम ने उसे देहरादून से गिरफ्तार कर लिया। अब तक 25 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अभिषेक की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी अवैध कफ सीरप की तैयारी, सप्लाई और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। मामले की आगे की जांच एसटीएफ की भोपाल इकाई कर रही है।