भोपाल में 2 लाख की रिश्वत लेते सीजीएसटी अधीक्षक गिरफ्तार

* भोपाल-कानपुर में छापे, स्क्रैप कारोबारी से हर महीने मांगी थी रकम

* छापेमारी में 72.50 लाख रुपये नकद मिले

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने भोपाल में कार्रवाई करते हुए केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) के एक अधीक्षक को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अधिकारी ने एक स्क्रैप कारोबारी से उसका कारोबार सुचारु रूप से चलने देने और उसकी गाड़ियां नहीं रोकने के बदले हर महीने 2 लाख रुपये की मांग की थी। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने भोपाल और कानपुर स्थित आरोपी के ठिकानों पर छापेमारी की, जहां से 72.50 लाख रुपये नकद मिलने की जानकारी सामने आई है।
स्क्रैप कारोबारी की शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने 10 अक्टूबर को मामला दर्ज किया था। इसके बाद जांच एजेंसी ने रिश्वत लेने के आरोप में अधिकारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान अधीक्षक को कथित तौर पर 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने भोपाल और कानपुर में आरोपी से जुड़े विभिन्न ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान 72.50 लाख रुपये नकद और संपत्ति से संबंधित दस्तावेज मिलने की जानकारी दी गई है। जांच एजेंसी बरामद सामग्री और दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।
मामले में आगे की जांच जारी है।