महाकाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक कल से अनिश्चितकालीन बाजार बंद

* सड़क चौड़ीकरण के विरोध में व्यापारियों का कड़ा निर्णय

* रात 1 बजे भवनों पर लगाए 4-4 मीटर चौड़ीकरण के निशान

* बैठक के बाद निगम सभापति कलावती यादव से मिलने निकले व्यापारी

उज्जैन। महाकाल चौराहे से गुदरी होते हुए गोपाल मंदिर तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण को लेकर व्यापारियों का विरोध तेज हो गया है। प्रभावित भवनों पर रात 1 बजे दोनों तरफ चार-चार मीटर के निशान लगाए जाने के बाद व्यापारी रहवासी महासंघ ने सोमवार, 12 अक्टूबर से पूरे क्षेत्र का बाजार अनिश्चितकाल के लिए बंद रखने का ऐलान किया है।
महासंघ ने चरणबद्ध तरीके से शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने का भी निर्णय लिया है। व्यापारी रहवासी महासंघ के अनुसार, चौड़ीकरण की कार्रवाई से क्षेत्र के करीब 70 प्रतिशत व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह समाप्त हो सकते हैं। इससे सैकड़ों परिवारों की आजीविका पर संकट आने की आशंका है। महासंघ का कहना है कि टेंडर जारी होने के बाद व्यापारियों की नाराजगी सामने आई थी। उस समय स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने व्यापारियों से चर्चा कर बीच का रास्ता निकालने और सभी पक्षों से बातचीत के बाद ही आगे की कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद देर रात मार्किंग किए जाने से व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई है।
वैकल्पिक समाधान के बिना कार्रवाई का विरोध
रात में हुई मार्किंग के विरोध में रविवार को महासंघ की बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से सोमवार से महाकाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक संपूर्ण बाजार अनिश्चितकाल के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया। महासंघ ने प्रशासन से चौड़ीकरण की मौजूदा योजना पर पुनर्विचार करने और व्यापारियों के प्रतिष्ठान पूरी तरह समाप्त होने से बचाने के लिए वैकल्पिक समाधान तलाशने की मांग की है।
बातचीत के बाद ही हो आगे की कार्रवाई
महासंघ ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित व्यापारियों को विश्वास में लेकर चौड़ीकरण की योजना पर स्पष्ट चर्चा की जाए। व्यापारियों का कहना है कि विकास कार्यों के साथ उनकी आजीविका और वर्षों से स्थापित कारोबार का भविष्य भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। अब बाजार बंद के ऐलान के बाद प्रशासन और व्यापारियों के बीच बातचीत तथा समाधान की दिशा में होने वाली पहल पर नजर रहेगी।

बीच सड़क पर बनेगा मंच, वहीं धरना देंगे व्यापारी
बैठक में करीब 250 व्यापारी जुटे और सभी ने सड़क को 65 मीटर चौड़ी करने के निर्णय का विरोध जताया। व्यापारियों ने कहा कि जब महाकाल सवारी मार्ग 50 फीट चौड़ा किया जा रहा है तो पटनी बाजार 65 फीट चौड़ा क्यों। व्यापारी चाहते हैं यहां भी 50 फीट चौड़ी ही सड़क की जाए। लखेड़वाड़ी के सामने पटनी बाजार में धरने के लिए बड़ा मंच बनाया जा रहा है, जिस पर बैठ कर सभी धरना देंगे। हालांकि व्यापारी अपना नाम आगे नहीं करना चाह रहे। इसके लिए सभी ने व्यापारी महासंघ के नाम से विरोध करने का निर्णय किया है। फिलहाल व्यापारी एकजुट होकर निगम सभापति कलावती यादव से मिलने निकले हैं। मुलकात के बाद आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।