ट्रेन के इंजन में भोलेनाथ, डिब्बों में विराजीं देवी मां!

  • 10 डिब्बों वाली धार्मिक रेल झांकी बनी आकर्षण
  • गणेशजी को बनाया गया गार्ड
  • रेलवे स्टेशन की तर्ज पर सजाया मोहनगिरी तिराहा

कहीं भाप का इंजन, कहीं ट्रेन के डिब्बे और कहीं रेलवे स्टेशन जैसा नजारा… लेकिन इस अनोखी ट्रेन के चालक भगवान भोलेनाथ हैं और डिब्बों में देवी मां के अलग-अलग स्वरूप विराजमान हैं। विदिशा के मोहनगिरी तिराहे पर धार्मिक आस्था और कलात्मक कल्पना का ऐसा संगम तैयार किया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं का ध्यान खींच रहा है। समिति ने तिराहे को रेलवे स्टेशन की थीम पर सजाकर इसे ‘मोहनगिरी तिराहा जंक्शन’ का स्वरूप दिया है।
इस झांकी में भाप से चलने वाले पुराने स्टीम इंजन की तर्ज पर आकर्षक इंजन और उसके पीछे 10 डिब्बों की ट्रेन तैयार की गई है। इसकी खासियत यह है कि इंजन चालक के रूप में भगवान शिव को दर्शाया गया है, जबकि अलग-अलग डिब्बों में देवी मां के विभिन्न स्वरूप विराजमान हैं। एक विशेष डिब्बे में भगवान गणेश को गार्ड के रूप में सजाया गया है।
रेलवे स्टेशन की सजावट और धार्मिक स्वरूप वाली यह झांकी श्रद्धालुओं को एक अलग अनुभव देने की तैयारी में है। यहां पहुंचने वाले लोगों को ट्रेन और स्टेशन के वातावरण के बीच देवी-देवताओं के दर्शन करने का अवसर मिलेगा।
मोहनगिरी तिराहा समिति के सदस्यों और स्थानीय कलाकारों सोनू राजपूत, पवन पेंटर तथा स्टेशन मास्टर ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को रेलवे स्टेशन और ट्रेन यात्रा जैसा जीवंत अनुभव देना है। इसी कल्पना को साकार करने के लिए तिराहे को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। समिति की ओर से मोहनगिरी जंक्शन पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत की भी तैयारी की गई है। धार्मिक आस्था के साथ रचनात्मक सजावट का यह मेल स्थानीय लोगों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण बन रहा है।