नेपाल: त्रिशूली नदी में बहकर आया सोना, ईमान की पुकार…“जिसका है, वो ले जाए”

नेपाल: त्रिशूली नदी में बहकर आया सोना, ईमान की पुकार—“जिसका है, वो ले जाए

नेपाल। कुदरत ने कहर बरपाया तो घर, दुकानें और लोगों का सामान तेज बहाव में बह गया। लेकिन इसी तबाही के बीच नेपाल से सामने आई एक तस्वीर ने इंसानियत और ईमानदारी पर भरोसा और मजबूत कर दिया। उत्तरी नेपाल के पहाड़ी इलाकों में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बाद जब पानी का वेग कुछ कम हुआ तो लोग मलबे और नदी किनारे अपने बहकर आए सामान की तलाश में जुट गए। इसी दौरान त्रिशूली नदी में बहकर आई एक दराज लोगों को मिली। दराज को जब खोला गया तो अंदर का सामान देखकर सभी हैरान रह गए। उसमें सोने के गहने और नकदी रखी हुई थी। तबाही के बीच इतनी कीमती चीज मिलने के बावजूद लोगों ने उसे अपना बनाने के बजाय उसके असली मालिक की तलाश शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में इस घटना को साझा करते हुए लोगों की ओर से संदेश दिया गया— “जिसका है, वो ले जाए…” वीडियो नेपाली एक्स यूजर निर्मल परसाई ने साझा किया है। इसके बाद यह घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई। लोग बाढ़ की भयावहता के बीच सामने आई इस ईमानदारी की मिसाल की तारीफ कर रहे हैं। प्रकृति की मार ने भले ही लोगों से बहुत कुछ छीन लिया हो, लेकिन त्रिशूली के मलबे से सामने आई यह तस्वीर एक उम्मीद छोड़ गई है।