घर से मंदिर दर्शन को निकला था अंकित, शिप्रा में कूद गया, दो दिन बाद मिला शव

* मौत का राज अब भी पुलिस के लिए बना पहेली 
उज्जैन। घर से मंदिर दर्शन के लिए निकले 26 वर्षीय अंकित की तलाश उस समय सनसनीखेज मोड़ पर पहुंच गई, जब मंगलनाथ के पुराने पुल पर उसकी बाइक लावारिस मिली। मंगलवार रात से गायब अंकित की तलाश में पुलिस और परिजन जुटे रहे। आशंका हुई कि उसने शिप्रा नदी में छलांग लगाई है। करीब दो दिन बाद गुरुवार सुबह तैराकों ने उसका शव नदी से बरामद किया।
अंकित ग्यारसीलाल, निवासी 5 नंबर नाका, आगर रोड, मंगलवार को घर से ग्यारहमुखी हनुमान मंदिर जाने की बात कहकर निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजन उसे तलाशने लगे। इसी बीच चिमनगंज पुलिस को मंगलनाथ पुल पर उसकी बाइक मिली। बाइक मिली, लेकिन अंकित गायब था। वाहन के नंबर से पुलिस ने परिजनों का पता लगाया। इसके बाद नदी में तलाश शुरू की गई। गोताखोरों और स्थानीय तैराकों ने शिप्रा में काफी देर तक सर्चिंग की, लेकिन पहले दिन कोई सुराग नहीं मिला।
दो दिन तक चली तलाश के बाद गुरुवार सुबह आखिरकार अंकित का शव नदी से बाहर निकाला गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मंदिर जाने की बात कहकर निकला, पुल तक कैसे पहुंचा?
अंकित घर से धार्मिक स्थल पर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन मंगलनाथ पुल पर पहुंचने के बाद उसने नदी में छलांग क्यों लगाई, यह सवाल अब पुलिस के सामने है। उसके इस कदम के पीछे कोई व्यक्तिगत परेशानी थी या कोई और वजह, फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नदी में कूदने से पहले अंकित किन लोगों के संपर्क में था और उसके साथ आखिरी समय में क्या हुआ था।