* चर्चित नेहा बस्सी सत्याकांड, टॉयलेट क्लीनर हार्पिक पिलाया था
उज्जैन। पत्नी की हत्या के बाद पुलिस से बचने के लिए महाकाल की नगरी पहुंचे पंजाब के चर्चित हत्याकांड के आरोपी पति और सास आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गए। दोनों यहां महाकाल क्षेत्र में ठिकाना बनाकर देवदर्शन कर रहे थे। पंजाब पुलिस की सूचना पर उज्जैन पुलिस ने बुधवार को नीलकंठ द्वार के पास दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
मामला पंजाब के करतारपुर के चर्चित नेहा बस्सी हत्याकांड से जुड़ा है। गिरफ्तार आरोपी उमंग आम आदमी पार्टी का हलका को-ऑर्डिनेटर बताया जा रहा है। आरोप है कि उमंग और उसकी मां कुसुम ने नेहा को टॉयलेट क्लीनर हार्पिक पिलाया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। 19 अगस्त को अस्पताल में भर्ती नेहा ने 23 अगस्त को दम तोड़ दिया।
मौत से पहले नेहा ने खोला राज
नेहा की मौत से पहले दिए गए मजिस्ट्रेट बयान ने पूरे मामले को नया मोड़ दिया। इसी बयान के आधार पर पुलिस ने पति और सास को आरोपी बनाया। बताया जा रहा है कि उमंग के किसी अन्य महिला से संबंध थे और वह उससे शादी करना चाहता था। इसी वजह से नेहा को रास्ते से हटाने का आरोप है।
छह साल की बेटी को भी साथ लाए
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि फरारी के दौरान आरोपी मां-बेटे ने नेहा की छह साल की बेटी को भी अपने साथ उज्जैन ले आए। दोनों पिछले कुछ दिनों से महाकाल क्षेत्र में रह रहे थे और पुलिस से बचते हुए देवदर्शन कर रहे थे। उन्हें शायद अंदाजा नहीं था कि पंजाब पुलिस की सूचना के बाद उज्जैन पुलिस उनकी तलाश में पहुंच चुकी है।
हाईप्रोफाइल केस में पुलिस पर भी उठे सवाल
नेहा की मौत के बाद पंजाब में परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। मामले में आप के क्षेत्रीय विधायक बलकार सिंह पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। जांच में लापरवाही के आरोप में पुलिस अधिकारी बोधराज को निलंबित किया गया, जबकि एसएचओ रमनदीप सिंह का तबादला कर दिया गया।
उज्जैन में गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया गया। अब पंजाब पुलिस की पूछताछ में इस चर्चित हत्याकांड की कई और परतें खुलने की उम्मीद है।













