* बाइक से पहचान तो हुई, लेकिन कूदने का कारण नहीं चला पता; शाम तक तलाश के बाद भी नहीं मिली बॉडी
उज्जैन। मंगलनाथ मंदिर के पास शिप्रा घाट पर जहां लोग मन की शांति और भगवान के दर्शन के लिए पहुंचते हैं, वहीं बुधवार दोपहर एक युवक ने अचानक मंगलनाथ ब्रिज से शिप्रा नदी में छलांग लगा दी। युवक को नदी में कूदते देख किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पुल पर एक बाइक खड़ी मिली। इसी बाइक के नंबर से युवक की पहचान अंकित पिता ग्यारसीलाल निवासी इंदिरा गांधी विराटनगर के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार अंकित पिछले दो दिनों से घर से लापता था और उसकी गुमशुदगी भी चिमनगंज मंडी थाने में दर्ज थी। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर अंकित मंगलनाथ ब्रिज तक क्यों पहुंचा और उसने नदी में छलांग क्यों लगाई?
सूचना के बाद एसडीआरएफ और गोताखोरों ने शिप्रा नदी में कई घंटे तक युवक की तलाश की, लेकिन शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा। पुलिस अब गुरुवार सुबह फिर नदी में तलाश शुरू करेगी।
फिलहाल पुलिस के सामने युवक के नदी में कूदने का कारण रहस्य बना हुआ है। क्या उसने किसी परेशानी के चलते यह कदम उठाया या नदी में गिरने की कोई दूसरी वजह थी, इसका खुलासा जांच और परिजनों से पूछताछ के बाद ही हो सकेगा।
2021 में 90 हजार की नई बाइक बुक कराने के बाद कूदा था शिवम…
मंगलनाथ स्थित पुल से शिप्रा नदी में कूदकर खुदकुशी करने की एक पुरानी घटना अक्टूबर 2021 में सामने आई थी, जिसमें मॉर्निंग वॉक पर निकले शिवम कुमावत नामक युवक ने नदी में कूदकर जान दे दी थी, जबकि पटेल नगर में रहने वाले उसके पिता एक दिन पहले ही उसके लिए 90 हजार रुपए की बाइक बुक कराकर आए थे।











