
ग्वालियर। सोशल मीडिया पर रील और लाइक्स बटोरने के चक्कर में ग्वालियर में एक युवक ने अपनी कार को ऐसा रूप दे दिया कि सड़क पर निकलते ही हर किसी की नजर उस पर टिक गई। गर्लफ्रेंड ने कार की पूरी बॉडी पर लिपस्टिक से एक-दो नहीं, बल्कि करीब 3400 किस मार्क्स बना डाले। चार घंटे की मेहनत के बाद तैयार हुई यह ‘किस वाली कार’ सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो ट्रैफिक पुलिस की नजर भी पड़ गई।

मामला ग्वालियर के आदित्य सिकरवार की कार का है। बताया जा रहा है कि उनकी गर्लफ्रेंड ने विदेशों में चल रहे एक ट्रेंड से प्रेरित होकर कार की पूरी बॉडी पर अलग-अलग जगह लिपस्टिक से किस मार्क्स बनाए। कार सड़क पर उतरी तो लोग उसे देखते रह गए। किसी ने फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।
रील वायरल हुई तो पुलिस भी पहुंच गई। ट्रैफिक पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान की और थाटीपुर इलाके से कार को जब्त कर लिया। पुलिस का कहना था कि कार पर इतने बड़े पैमाने पर निशान बनाए गए थे कि उसका मूल स्वरूप ही बदल गया था, जो यातायात नियमों के अनुरूप नहीं था। पुलिस ने कार मालिक को बुलाकर पूछताछ की। युवक ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उस पर 5500 रुपये का जुर्माना लगाया।

कार्रवाई यहीं खत्म नहीं हुई। पुलिस की मौजूदगी में कार को पानी से धोया गया और लिपस्टिक से बनाए गए सभी 3400 किस मार्क्स साफ कर दिए गए। यानी जिस कार को सोशल मीडिया पर लाइक्स के लिए ‘किस’ से सजाया गया था, उसे आखिरकार पुलिस ने धुलवाकर फिर सामान्य कर दिया।











