शादी का रिश्ता तुड़वाने से नाराज थे या जमीन का था विवाद? उज्जैन। रिटायर्ड पशु चिकित्सक डॉ. गजराज सिंह तोमर की हत्या के पीछे आखिर कौन-सी रंजिश थी? क्या भतीजे का शादी का रिश्ता तुड़वाने से परिवार नाराज था या फिर जमीन विवाद ने रिश्तों में ऐसी दरार पैदा कर दी थी कि मामला हत्या तक पहुंच गया? इन सवालों के जवाब अब जल्द सामने आ सकते हैं। पुलिस ने मामले में मृतक के भाई और उसके दोनों बेटों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
23 अगस्त की रात डॉ. तोमर की उनके कमरे में चाकू से हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने परिवार के बीच चल रहे विवादों को जांच के केंद्र में रखा। प्रारंभिक जांच में करीब 15 दिन पहले जमीन को लेकर भाई-भतीजों से विवाद और भतीजे के शादी के रिश्ते को तुड़वाने को लेकर रंजिश सामने आई थी। दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज के बाद मामला धमकी तक पहुंच गया था।
अब तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस हत्या की कड़ियां जोड़ रही है। कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या की असली वजह क्या थी और वारदात की साजिश किसने रची थी।
डॉ. तोमर की हत्या ने पूरे परिवार को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। अब पुलिस की पूछताछ के बाद ही साफ होगा कि शादी के रिश्ते की नाराजगी भारी पड़ी या जमीन का विवाद बना हत्या की वजह।
रिटायर्ड डॉक्टर की हत्या का जल्द उठेगा पर्दा











