आखिर इंदौर के सयाजी होटल का किचन सील

* पांच घंटे की जांच के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई

इंदौर के चर्चित सयाजी होटल के किचन और बेकरी पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों को सील कर दिया। गुरुवार को करीब पांच घंटे चली जांच में किचन और खाद्य भंडारण क्षेत्र में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। फूड स्टोरेज में चूहे और किचन में कॉकरोच मिलने के साथ करीब 66 किलो नॉनवेज सामग्री बिना उचित पैकिंग और लेबलिंग के रखी मिली। खाद्य अधिकारी मनीष स्वामी के नेतृत्व में हुई जांच के बाद शुक्रवार को होटल के किचन और बेकरी को सील किया गया। विभाग ने होटल से पनीर, कच्चा नॉनवेज, पैक्ड पनीर, मसाले, सौंफ और ड्रायफ्रूट्स सहित कई खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
किचन में कॉकरोच, स्टोर में चूहों के निशान
जांच के दौरान फूड स्टोरेज में चूहे दिखाई दिए और पैलेट के नीचे भी उनकी मौजूदगी के संकेत मिले। किचन और फूड प्रिपरेशन प्लेटफॉर्म पर कॉकरोच के साथ गंदगी पाई गई। इससे खाद्य सामग्री के दूषित होने की आशंका सामने आई।
नॉनवेज के 33 पैकेट पर तारीख तक नहीं
स्टोरेज में वेज और नॉनवेज सामग्री एक साथ रखी मिली। सी-फूड, चिकन और मटन के लिए अलग-अलग स्टोरेज की व्यवस्था नहीं थी। 33 नॉनवेज पैकेटों पर पैकेजिंग डेट, बैच नंबर और एक्सपायरी डेट दर्ज नहीं थी।
जांच में फंगस लगी मूंगफली, सड़े टमाटर-आलू और लीक टेट्रापैक भी मिले। एक फ्रीजर का तापमान +20 डिग्री, जबकि दूसरे का -16 डिग्री सेल्सियस पाया गया।
लाइसेंस को लेकर भी सवाल
विभाग के अनुसार होटल के लाइसेंस में नॉनवेज गतिविधि का उल्लेख नहीं था। बेकरी और स्वीट्स निर्माण का उल्लेख भी नहीं मिला। होटल का केंद्रीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण का पांच सितारा लाइसेंस भी जांच के दौरान मौके पर उपलब्ध नहीं मिला। अब प्रयोगशाला रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।