उज्जैनमध्यप्रदेश

विक्रमादित्य वैदिक घड़ी एप का लोकार्पण कल करेंगे सीएम डॉ. मोहन यादव

* 189 भाषाओं में बना एप, मुहूर्त के अनुसार अलार्म से जगाएगा

भोपाल से newjline.com की रिपोर्ट

विक्रमादित्य वैदिक घड़ी के एप का लोकार्पण सीएम डॉ. मोहन यादव सोमवार को राजधानी भोपाल में करेंगे। 189 भाषाओं में बने इस एप के लोकार्पण बाद मध्यप्रदेश विधानसभा में भी इसे लगाया जाएगा। एप के आधार पर उज्जैन स्थित जीवाजी वेधशाला में दुनिया की पहली विक्रमादित्य वैदिक घड़ी का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जा चुका है।
सीएम डॉ. यादव के संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी के अनुसार एप में परिवर्तन कर कई सुधार किए गए हैं। एप का लोकार्पण सोमवार को सीएम हाउस में करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। श्रीराम तिवारी ने बताया सुबह 9 बजे शौर्य स्मारक पर कॉलेज और विश्वविद्यालय के विद्यार्थी एकत्रित होंगे और स्मारक से बाइक रैली निकाली जाएगी। यह रवींद्र भवन पहुंचेगी, जहां से रैली पैदल मार्च में बदलकर मुख्यमंत्री निवास के द्वार तक पहुंचेगी। इस अवसर पर विक्रमादित्य वैदिक घड़ी: भारत के समय की पुनर्स्थापना की पहल विषय युवा संवाद भी होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव युवाओं से संवाद करेंगे।
एप में अलार्म की भी सुविधा
संस्कृति सलाहकार तिवारी ने विक्रमादित्य वैदिक घड़ी एप की विशेषताओं को बताते हुए कहा कि इसमें 3179 विक्रम पूर्व (श्रीकृष्ण के जन्म), महाभारतकाल से लेकर 7 हजार से अधिक वर्षों के पंचांग, तिथि, नक्षत्र, योग, करण, वार, मास, व्रत और त्यौहार आदि की दुर्लभ जानकारियों को समाहित किया गया है। धार्मिक कार्यों, व्रत और साधना के लिए 30 अलग-अलग मुहूतों की जानकारी और अलार्म की सुविधा भी है। प्रचलित समय में वैदिक समय (30 घंटे), वर्तमान मुहूत स्थान, जीएमटी और आईएसटी समय, तापमान, हवा की गति, आर्द्रता आदि मौसम संबंधी सूचनाएं भी लोगों को उपलब्ध होगी। एप 189 से अधिक वैश्विक भाषाओं में उपलब्ध है, जिसमें दैनिक सूर्योदय और सूर्यास्त की गणना तथा उसी आधार पर हर दिन के 30 मुहूर्तों का सटीक विवरण है।

वैदिक घड़ी में 24 घंटे की जगह 30 मुहूर्त

घड़ी का एप बनाने वाले आरोह श्रीवास्तव के अनुसार वैदिक घड़ी एप में 1 दिन में 30 मुहूर्त हैं। हर मुहूर्त में 30 कला और हर कला में 30 काष्ठा हैं। सूर्य के सामने जिस हिसाब से पृथ्वी घूम रही है, उसका आंकलन कर यह घड़ी सटीक समय बताएगी। जब हमारी घड़ी में 0 बजता है तो उस समय सूर्याेदय हो रहा होता है। इसमें चंद्रमा की स्थिति उसकी दिशा, चांद किस नक्षत्र में है और सूर्य की स्थिति क्या है। यह सारी जानकारी इस घड़ी से प्राप्त होती है। मुहूर्त के अनुसार उठने के लिए यह एप अलार्म भी बजाएगा ताकि आपकी नींद खुल सके।

वैदिक घड़ी की खास बातें

* सबसे ऊपर मध्य में सूर्य दिखाई देता है जो बताता है कि सूर्य वर्तमान में किस राशि पर है।

* घड़ी के एक तरफ चंद्र चरण दिखाई देता है जो बताता है कि अमावस्या है या पूर्णिमा अथवा तिथि और पक्ष कौनसा है।
* घड़ी के मध्य में मुहूर्त का नाम दिखाई देता है।
* एक तरफ चंद्र राशि दिखाई देती है तो दूसरी तरफ करण की जानकारी मिलती है।
* घड़ी के चार कोनों में भारतीय मानक समय, अंग्रेजी तारीख, वार और शहर का नाम देखा जा सकता है।

समाचार को साझा करें :
आप न्यूज और वीडियो आदि इस नंबर पर वाट्सएप कर सकते हैं : 9826170040
प्रमुख समाचार
मुख्‍य पृष्‍ठ
खबर एक नजर
महाकाल नगरी
खबर एक नजर
×